बिनावर। थाना बिनावर क्षेत्र मेेंं खेत में रास्ता डालने को लेकर दो गुटों के बीच दो माह पहले विवाद हो गया था। जिसमें दूसरा गुट पीडि़त पक्ष पर फैसले का दबाब बना रहा था। फैसले से इंकार करने पर दूसरे गुट ने मंगलवार शाम दूसरे पक्ष के अधेड़ को घेर लिया। हमलावरों ने अधेड़ को पीटने के बाद उसे गोली मार दी और मरा हुआ समझकर भाग गए। मारपीट में अधेड़ के दो बेटों समेत विरोधी पक्ष का एक व्यक्ति घायल हुआ है। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किए। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।


थाना बिनावर क्षेत्र के गांव मोहम्मदनगर निवासी विद्याराम (50) पुत्र चेतराम का गांव के ही कुछ लोगों से खेत में रास्ता डालने को लेकर दो माह पहले विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। जिसको लेकर दोनों गुटों के बीच अदालत में

मुकदमा चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे विद्याराम सब्जी लेने विजयनगला की साप्ताहिक बाजार में गए थे। जहां पहले से ही घात लगाए बैठे विरोधी गुट ने उनको घेर लिया और मारपीट शुरु कर दी। अधेड़ की चीखपुकार सुनकर उनके बेटे योगेश व सुनील भी मौके पर पहुंच गए। हमलावरों ने योगेश व सुनील को भी घेर लिया और लाठी-डंडो से उन पर हमला बोल दिया। जिसमें दोनों भाई घायल हो गए। वहीं विरोधी पक्ष का एक व्यक्ति भी घटना में घायल हुआ है। घटना के बारे में योगेश ने बताया कि मारपीट के बाद विरोधी गुट के विनीत ने अवैध तमंचे से उनके पिता विद्याराम को गोली मार दी। जो उनकी कोख में जा लगी। गोली मारने के बाद हमलावर उनके पिता का मरा जानकर मौके से भाग निकले। हमलावरों के जाने के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लाकर जिला अस्पताल में

भर्ती कराया। उधर, मारपीट व गोली मारने की सूचना पर सीओ सिटी आलोक मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए। उधर, दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। दुकानदार अपने दुकानों के शटर बंद कर घरों में दुबक गए। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
वर्जन–
खेत में रास्ते के विवाद को लेकर मोहम्मदपुर गांव के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसमें एक पक्ष के तीन लोग व दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हुआ है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आलोक मिश्रा
सीओ सिटी