सहसवान: अचानक लगी आग की चपेट में आकर दो घरों में रखा हजारों रुपए का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसा तहसील क्षेत्र के ग्राम टोंटपूर करसरी के मजरा परोटी में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। अचानक आग लगने से सियाराम व मुन्नालाल के घर में रखा अनाज, कपड़ा बर्तन आदि समेत हजारों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे के समय परिवार के लोग खेतों पर काम कर रहे थे। घरों से आग की लपटों को देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद गृहस्वामी भाग कर घर पहुँचे‌ और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक़्क़त के बाद आग पर क़ाबू पाया। राजस्व निरीक्षक ब्रजपाल सिंह और हल्का लेखपाल पुष्पेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर आग से हुई क्षति का आंकलन किया और तहसील प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी।