संचारी रोग नियंत्रण अभियान का जनपद में किया जाये व्यापक प्रचार प्रसार-मुख्य विकास अधिकारी।

संभल।आज कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी कमलेश सचान की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण कार्यवाही हेतु विभिन्न विभागों का उत्तरदायित्व निर्धारण हेतु बैठक आयोजित की गयी, जिसमें वर्ष 2022 की भांति वर्ष 2023 में भी संचारी रोगों की रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय अपनाते हुए व्यापक तरीके से अभियान जनपद में चलाये जाने को लेकर विशेष चर्चा की गई। 
 मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2023 में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 17 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2023 तक जनपद में चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान को जनपद में सफल बनाने के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारी वर्ष 2022 में संचालित की गयी सभी गतिविधियों की पुनः विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए सभी विभाग व्यवहार परिवर्तन तथा प्रचार-प्रसार की भी व्यापक योजना बनायें, ताकि जन सामान्य तक सभी जानकारियों की शुलभ उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
 मुख्य विकास अधिकारी ने कहा की संचारी रोग नियंत्रण हेतु विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एक साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद तथा ब्लाक स्तर पर समन्वय समितियों का गठन कर नियमित अन्तराल पर विभिन्न विभागों द्वारा किये गये कार्य निष्पादन तथा जनपद में रोग की स्थिति की समीक्षा हेतु इन समितियों की बैठक आयोजित करायी जाये। बैठक में ब्लाक स्तर पर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण, स्थानीय निकायों पर संवेदीकरण बैठकें, ब्लाक स्तरीय ग्राम प्रधान संवेदीकरण बैठक तथा ब्लाक चिकित्सालय पर आशा, एएनएम तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का संवेदीकरण कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। 
मुख्य विकास अधिकारी  द्वारा संचारी रोग अभियान के अन्तर्गत विभिन्न सम्बन्धित विभागों द्वारा किये जाने वाले कार्यों की विभागवार, समयवार एवं प्रत्येक दिन की सूचना डिजिटल डायरी बनाकर जिला मुख्यालय पर प्रेषित करने के निर्देश दिये। 
 बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी ने समस्त सम्बन्धित विभागों को राज्य स्तर से जारी समय सारिणी के अनुसार  विभिन्न क्रिया कलाप सम्पादित करने का अनुरोध किया तथा साथ ही कार्यक्रम से सम्बन्धित समस्त विभागों को राज्य स्तर से निर्धारित कार्य एवं दायित्वों से अवगत कराया।  
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि संचारी रोगो के नियंत्रण के लिए जनपद में दिनांक 01/04/2023 से 30/04/2023 तक एक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा तथा 17. 04. 2023  से 30 अप्रैल 2023 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा आशा कार्यकर्ता प्रत्येक घर जाकर बुखार के रोगियों की खोज करेंगे तथा घरों पर स्टीकर लगाए जाएंगे। 

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया सभी विभाग इस अभियान के सफल संचालन हेतु अपनी भूमिका पूर्ण मनोयोग से निभाय तथा सभी विभागों को निर्देश दिया कि वह संचारी रोग नियंत्रण अभियान का सफल आयोजन करें ।
जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि दस्तक अभियान तथा संचारी अभियान में आंगनवाड़ी की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाए। पिछले संचारी अभियान का फीडबैक यूनिसेफ तथा डब्ल्यूएचओ द्वारा दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षको को निर्देशित किया कि सभी बुखार के रोगियों की डेंगू तथा मलेरिया की जांच कराएं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि मौसम के तापमान में होने वाले परिवर्तन के दृष्टिगत हीट रिलेटेड इलनेस की रोकथाम एवं नियंत्रण की गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाय। उन्होंने शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों का बिन्दुवार विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉक्टर तरन्नुम रजा,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज कुमार विश्नोई, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन, जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, समस्त चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्भल से खलील मलिक