सहसवान। बार एसोसिएशन की ओर से कैंटीन भवन में होली मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सीजेएम देवेंद्र सिंह फौजदार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाती है और एक दूसरे के दिल में प्रेम की भावना को जगाती है। होली पर सभी रंगों का समावेश एक दूसरे को आपस में प्रेम से रहने की शिक्षा देता है। कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिविजन प्रवीन गौतम और अपर सिविल जज जूनियर डिविजन शिवम वशिष्ठ, एसडीएम विजय कुमार मिश्र ने भी संबोधित किया। इस दौरान सभी लोगों ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र सिंह यादव, कलीमुर्रहमान नकवी, जावेद अहसन, श्याम बाबू सक्सेना, नीरज माहेश्वरी, श्याम गुप्ता, रवींद्र नारायण सक्सेना, महासचिव सत्यभान सिंह यादव ने भी अपने विचार रखे। अंत में बार अध्यक्ष महावीर सिंह यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अतर सिंह एडवोकेट ने किया।