सहसवान। नगर में जाम की समस्या अब डबल अटैक बन गई है। एक तरफ दुकानदारों ने फुटपाथ पर कब्जा कर सड़क को संकरी कर दिया है, तो दूसरी तरफ मुख्य बाजार में बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा ने आवागमन को और मुश्किल कर दिया है। नतीजा यह है कि सहसवान के लोगों को हर दिन घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
नगर के मुख्य चौराहा, बाजार विल्सनगंज, रोडवेज बस स्टैंड, पठान टोला चौराहा, सब्जी मंडी विल्सनगंज, अकबराबाद रोड और अकबराबाद चौराहा पर लगभग हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।
पहला अटैक – अतिक्रमण
दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे फुटपाथ पर सामान रखकर कब्जा कर रखा है। दुकानों के बाहर ठेले-रेहड़ी लगने से सड़क और संकरी हो गई है। पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची है।
दूसरा अटैक – ई-रिक्शा
मुख्य बाजार, विल्सनगंज, मुख्य चौराहा, सब्जी मंडी और बस स्टैंड के आसपास ई-रिक्शा चालक बेतरतीब तरीके से अपने ई-रिक्शा खड़ा कर देते हैं। सवारी बैठाने के चक्कर में बीच सड़क पर ही ई-रिक्शा रोक दिया जाता है, जिससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कहने को तो हर चौराहे पर पुलिस की ड्यूटी रहती है, लेकिन जाम खुलवाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं होता। वहीं दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक बाजार में आना पसंद नहीं करते, जिससे उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
नगरवासियों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया जाए, ई-रिक्शा के लिए अलग से स्टैंड की व्यवस्था हो और बाजार में ई-रिक्शा के प्रवेश पर समय निर्धारित किया जाए, तभी सहसवान को रोज के जाम से मुक्ति मिल सकती है।