सहसवान (बदायूं)। आगामी पोलियो उन्मूलन अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सोमवार को तहसील सभागार में तहसील टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने की।
बैठक में चिकित्सा प्रभारी प्रशांत त्यागी के साथ दंहगबा ब्लॉक की स्वास्थ्य टीम भी मौजूद रही। बैठक में अभियान की तैयारियों, बूथों की व्यवस्था और टीमों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पोलियो अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 0 से 5 वर्ष तक के हर बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाई जाए। ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों और घुमंतू परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए। आशा, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें।
चिकित्सा प्रभारी प्रशांत त्यागी ने बैठक में बताया कि अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। टीमें गठित कर दी गई हैं और दवाओं व अन्य व्यवस्थाओं का इंतजाम कर लिया गया है।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता – सौरभ गुप्ता, सहसवान