जनगणना-2027 को लेकर बरेली में तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगा जनगणना अमला, 7564 प्रगणक होंगे तैनात

जनगणना में पूछे जाएंगे 40 सवाल, किसी से नहीं मांगा जाएगा कोई दस्तावेज

स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए संस्थानों और आम लोगों को किया जाएगा जागरूक

बरेली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर बरेली में प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनपद में जनगणना क्षेत्र के अंतर्गत 6 तहसील, 19 नगर निकाय, 4 जोन और 1 कैंटोनमेंट बोर्ड शामिल हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान अत्यंत अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी कार्मिक को अवकाश न दिया जाए और न ही उनकी ड्यूटी में कटौती की जाए।

उन्होंने कहा कि कार्मिकों को प्रशिक्षण के साथ ही नियुक्ति पत्र और संबंधित क्षेत्र का आवंटन भी समय से कर दिया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

40 सवालों के आधार पर दर्ज होगा डाटा

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। व्यक्ति द्वारा जो जानकारी दी जाएगी, उसी के आधार पर उसका डाटा दर्ज किया जाएगा। इसके लिए किसी व्यक्ति से कोई दस्तावेज, प्रमाणपत्र या अभिलेख की प्रति नहीं मांगी जाएगी।

जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को इस प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। जिलाधिकारी ने 5 मास्टर ट्रेनरों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए।

7564 प्रगणक होंगे तैनात

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में 174 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की जा चुकी है। मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 7, 8, 9, 14, 15 और 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद प्रगणकों का प्रशिक्षण 22 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। जनपद में कुल 7564 प्रगणक तैनात किए जाएंगे, जबकि 10 प्रतिशत कार्मिकों को रिजर्व में रखा जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की उपस्थिति प्रशिक्षण के आरंभ और समापन दोनों समय अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रशिक्षण के लिए ऐसे स्थान चिन्हित करने को कहा गया है, जहां स्मार्ट बोर्ड सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्वगणना

जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से जनगणना का कार्य शुरू किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही विभिन्न संस्थानों को पत्र भेजकर वहां कार्यरत लोगों को स्वगणना के संबंध में जागरूक करने के लिए कहा गया है।

जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिव्या ओझा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, अपर नगर आयुक्त सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट/आलोक गुप्ता