अतिक्रमण के खिलाफ चला सघन अभियान, बिचौलियों की गतिविधियों की भी हुई जांच; सीसीटीवी की 24×7 निगरानी के निर्देश
बरेली। संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), बरेली को पूरी तरह दलाल-मुक्त, पारदर्शी एवं आमजन के लिए सुगम बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कार्यालय परिसर के बाहर और आसपास बिचौलियों के सक्रिय होने की मिल रही सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए 31 अगस्त 2026 को व्यापक अतिक्रमण हटाओ एवं औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान आरटीओ कार्यालय के आसपास स्थापित 10 अस्थायी दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। इसके साथ ही कार्यालय के मुख्य द्वार और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय बिचौलियों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा अनधिकृत गतिविधियों की सघन जांच की गई।


मुख्य द्वार और आसपास का क्षेत्र कराया अतिक्रमण मुक्त


विशेष अभियान के दौरान कार्यालय परिसर एवं मुख्य द्वार के बाहर अनधिकृत रूप से लगाए गए खोखे, अवैध अस्थायी दुकानें, संदिग्ध रूप से खड़े वाहनों तथा बिना अनुमति संचालित गतिविधियों को हटवाया गया। कार्रवाई के बाद कार्यालय के बाहर का मार्ग अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
परिवहन अधिकारियों का कहना है कि आरटीओ कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और विभागीय कार्यों के नाम पर बिचौलियों द्वारा किसी प्रकार का अनुचित लाभ न उठाया जा सके, इसके लिए कार्यालय के आसपास के क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।


पंकज सिंह और प्रणव झा ने संभाला अभियान का नेतृत्व..


अभियान का नेतृत्व संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) पंकज सिंह एवं संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद विभागीय टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अतिक्रमण तथा अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चन्द्र प्रजापति, यात्री/मालकर अधिकारी अजीत प्रताप सिंह सहित विभागीय प्रवर्तन दल एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


बिचौलियों को लेकर अधिकारियों की सख्त चेतावनी..


परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यालय परिसर अथवा मुख्य द्वार के आसपास किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति दलाली, बिचौलियागिरी अथवा किसी अनुचित कार्य में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने विभागीय कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले लोगों को विभागीय सेवाओं की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए और अनावश्यक रूप से किसी बाहरी व्यक्ति की मदद लेने की स्थिति पैदा न हो।


सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश..


मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में कार्यालय परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को 24×7 क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि कार्यालय परिसर और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके।
इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यालय परिसर में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों, बिचौलियों की सक्रियता और अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।


आमजन से अपील—दलालों के चक्कर में न पड़ें..


परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट अथवा परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी कार्य के लिए बिचौलियों या दलालों के झांसे में न आएं।
अधिकारियों के अनुसार परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक इन सेवाओं का लाभ ऑनलाइन पोर्टल, जनसेवा केंद्र अथवा विभागीय काउंटर के माध्यम से सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग अपना काम जल्दी कराने के नाम पर बिचौलियों के संपर्क में आ जाते हैं। ऐसे में नागरिकों को स्वयं विभागीय माध्यमों से सेवाएं लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरटीओ कार्यालय को पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और दलाल-मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ एवं चेकिंग अभियान को केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर औचक निरीक्षण, चेकिंग एवं निगरानी अभियान जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने, अनधिकृत गतिविधियां संचालित करने अथवा दलाली में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि आरटीओ कार्यालय के आसपास अतिक्रमण, बिचौलियागिरी और अनधिकृत गतिविधियों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा, जबकि आम नागरिकों को विभागीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और सीधे माध्यम से उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।