
मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा..
बरेली, 31 अगस्त। मण्डलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित सभागार में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण, श्रम, निर्माण कार्य, कर-करेत्तर, कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री में छूटे किसानों को अभियान चलाकर जोड़ा जाए

बैठक की शुरुआत कृषि विभाग की समीक्षा से हुई। मण्डलायुक्त ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री से अभी तक छूटे किसानों को अभियान चलाकर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई पात्र किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को खाद की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। फर्टिलाइजर की कमी और ओवररेटिंग की शिकायत किसी भी स्थिति में नहीं आनी चाहिए। खाद की उपलब्धता और बिक्री की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी भर्ती में पारदर्शिता पर जोर..
मण्डलायुक्त ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
उन्होंने कुपोषण की स्थिति की समीक्षा के दौरान पाया कि बदायूं में अति कुपोषित बच्चों से कुपोषित बच्चों की श्रेणी में आने वाले बच्चों की फीडिंग की स्थिति अपेक्षाकृत पीछे है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्थिति में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

सड़क पर घूम रहे गोवंश को अभियान चलाकर किया जाए संरक्षित..
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सहभागिता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पशुओं को लोगों को पालने के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले गोवंश के कारण कई बार दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे गोवंश को अभियान चलाकर संरक्षित किया जाए।
समीक्षा में गौशालाओं के निर्माण की प्रगति में बरेली मण्डल की गति धीमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन गौशालाओं में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, उनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा।

विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों का होगा सत्यापन..
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने कहा कि जिन विद्यालयों से अथवा जिनके ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है, उनका संबंधित अधिकारियों से सत्यापन कराया जाए, ताकि विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार लाइन शिफ्ट कराई जा सके।
उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत पूर्ण होने वाले कार्यों की पहले और बाद की स्थिति की तस्वीरें सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों के आधार पर प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्य की सफलता की कहानी तैयार की जाए, जिससे विकास कार्यों का वास्तविक प्रभाव सामने आ सके।
बालिका हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में बदायूं में विभाग द्वारा संचालित बालिका हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त एवं मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
वहीं पीलीभीत में निर्मित शैक्षणिक संस्थानों में गैस सिलेंडर से संबंधित समस्याओं की जानकारी सामने आने पर मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान अटल आवासीय विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए।..
स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता शत-प्रतिशत रहे
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। मरीजों को आवश्यक दवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
बदायूं में 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति कम पाए जाने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पंचायत सचिवों और कोटेदारों के माध्यम से लोगों से संपर्क कर कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही योजना का लगातार प्रचार-प्रसार कराने को कहा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाए। गांवों में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप लगाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पतालों में अतिरिक्त वार्ड बनाने के निर्देश
मण्डलायुक्त ने स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए मण्डल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के लिए एक अतिरिक्त वार्ड तैयार रखा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बीमारी की रोकथाम और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

सीएम डैशबोर्ड की लगातार निगरानी करें जिलाधिकारी..
मण्डलायुक्त शंभू कुमार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड की नियमित बैठक करते रहें और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड मुख्यमंत्री की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं पूर्ण नहीं हुई हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि निर्माण कार्य की क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण करें और निरीक्षण रिपोर्ट मंडल स्तर पर उपलब्ध कराएं।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश
कर-करेत्तर की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन तथा राजस्व वादों के निस्तारण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से अवैध शराब निर्माण की शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब को नष्ट कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

अवैध बस संचालन पर भी होगी कार्रवाई..
परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अवैध बसों का संचालन अधिक हो रहा है, वहां अभियान चलाकर अवैध बस संचालन को पूरी तरह बंद कराया जाए।
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के बाद लिया जाए फीडबैक..
मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से वार्ता कर यह भी पता किया जाए कि वह निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं।
उन्होंने कहा कि शिकायत का केवल निस्तारण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे आईजीआरएस के संतुष्टि फीडबैक में सुधार होगा और आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी पीलीभीत सतीश प्रताप मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी शाहजहांपुर उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी बदायूं गरिमा सिंगला, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की प्राथमिकताओं वाली योजनाओं में समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।