सहसवान (बदायूं)। सुकुर्रा घाट पर गंगा में डूबे युवक का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका है। सोमवार सुबह से ही रेस्क्यू टीम मोटर बोट की मदद से गंगा में लगातार तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक युवक बरामद नहीं हो सका है।
बता दें कि रविवार दोपहर थाना क्षेत्र के गांव सलावतपुर निवासी बृजेश गंगा स्नान करने सुकुर्रा घाट पर गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

सूचना पर सहसवान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और स्थानीय गोताखोरों से तलाश शुरू कराई थी। रविवार को देर शाम तक चले अभियान में भी युवक का सुराग नहीं लगा था और परिजनों ने SDRF के देर से पहुंचने पर आक्रोश भी जताया था।
आज दूसरे दिन सोमवार सुबह से ही पुलिस और रेस्क्यू टीम फिर से घाट पर पहुंच गई है। मोटर बोट के जरिए गंगा के कई किलोमीटर के दायरे में युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हो सका है।
घाट पर दूसरे दिन भी ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।