सहसवान, बदायूं। “हर घर तिरंगा, हर घर स्वाभिमान” के संकल्प के साथ बुधवार को सहसवान-दंहगबा नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ ऐतिहासिक स्थल से हुआ और यह मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः प्रारंभिक स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुई।

सुबह से ही यात्रा स्थल पर कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों का जमावड़ा शुरू हो गया था। सभी के हाथों में तिरंगा और मुख पर देशभक्ति के नारे थे। बैंड-बाजे की धुन और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के जयकारों के बीच यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, आमजन भी घरों की छतों और दुकानों से तिरंगा लहराकर स्वागत करते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने माहौल को और अधिक देशभक्तिमय बना दिया।

इस मौके पर पूर्व सांसद संघमित्रा मौर्य, युवा भाजपा नेता मयंक गुप्ता, नरेश गुप्ता, हरवेश यादव, उमर सैफी सहित भाजपा कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ यात्रा में भाग लेकर सबका ध्यान आकर्षित किया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में देशप्रेम और एकता की भावना जगाती हैं। उन्होंने सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद मिठाई वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे दिन सहसवान-दंहगबा नगर का माहौल केसरिया और तिरंगे के रंग में रंगा रहा।