
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन बरेली के परेड ग्राउंड में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। 20 से 24 जुलाई तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जोनों की पुरुष एवं महिला टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी रहे, जिन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 11 तथा महिला वर्ग की 6 जोनल टीमों ने भाग लिया। पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का परिचय दिया।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में बरेली जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बरेली की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल में बरेली ने कानपुर जोन को 3-0 से हराया था, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मेरठ जोन ने रोमांचक मुकाबले में गोरखपुर जोन को ट्राईब्रेकर में 4-2 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।

वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में गोरखपुर जोन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में मेरठ जोन ने वाराणसी जोन को 1-0 से शिकस्त दी थी, जबकि गोरखपुर जोन ने प्रयागराज जोन को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में वाराणसी जोन के अमन सिंह को बेस्ट स्कोरर तथा गोरखपुर जोन के मिथलेश यादव को बेस्ट गोलकीपर चुना गया। महिला वर्ग में बरेली जोन की शिवानी गोयल को बेस्ट स्कोरर और लता को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार प्रदान किया गया।

समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनपदों से आए पुलिसकर्मी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक जगदीश सिंह पाटनी ने किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह ने सफलतापूर्वक निभाया।
कार्यक्रम के अंत में डीआईजी अजय कुमार साहनी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विजेता टीमों की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।