सहसवान- नगर में पिछले 15 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बुधवार शाम से गुल हुई बिजली गुरुवार सुबह तक बहाल नहीं हो सकी। इसके चलते पूरा शहर अंधेरे में डूबा है और लोगों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6 बजे अचानक लाइट चली गई। रात भर इंतजार के बाद भी सुबह तक सप्लाई नहीं आई। बिजली न होने से घरों में इन्वर्टर भी जवाब दे गए। भीषण गर्मी में पंखे-कूलर बंद होने से लोग रातभर जागने को मजबूर रहे।
सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल को लेकर हुई। बिजली न होने से पानी की मोटर नहीं चल पाईं और सुबह घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने से संपर्क व्यवस्था भी प्रभावित रही। छात्रों की पढ़ाई और व्यापारियों का कामकाज भी ठप रहा।
नाम न छापने की शर्त पर बिजली विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि 33 केवीए मेन लाइन में फॉल्ट की आशंका है। टीमें रात से ही फॉल्ट ढूंढने में जुटी हैं। खितौरा उपकेंद्र से जुड़े दो दर्जन से ज्यादा गांवों की सप्लाई भी प्रभावित है।
लोगों में नाराजगी
15 घंटे से बिजली न आने पर लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने कहा, “हर बार छोटी सी खराबी के नाम पर 12-15 घंटे लाइट काट दी जाती है। कोई सुनवाई नहीं होती।”
फिलहाल लोग बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक बिजली बहाल नहीं हो पाई थी।
