सहासवान, बदायूँ जिले के थाना सहासवान अंतर्गत ग्राम परसोना में दबंगों द्वारा एक महिला को परेशान करने और उसके पालतू कबूतरों को मारने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला अंबरवती पत्नी मोरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वह ग्राम परसोना की निवासी है और अपने घर में कबूतर पालती है। महिला का आरोप है कि गाँव के ही धर्म सिंह (पुत्र उमराय) और राधे (पुत्र जगदीश) व गोविंद (पुत्र छत्रपाल) अक्सर उसकी छत पर जबरन चले आते हैं और उसके कबूतरों को चोरी कर उन्हें मार देते हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 29 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे उसे पता चला कि उक्त लोगों ने रात के समय उसके घर में घुसकर उसके पालतू कबूतरों को मार डाला है। जब महिला ने उनसे इसका कारण पूछा, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और झगड़ा करने पर उतारू हो गए।
महिला का कहना है कि शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर आकर उसे बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से भाग गए। पीड़िता ने थाना सहासवान पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की ।