सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के सरसोता कुंड में बुधवार सुबह सात बजे के लगभग एक युवक का शव पानी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कुंड से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 21 वर्षीय जितेंद्र पुत्र लीलाधर निवासी गांव कोठा, थाना उधैती के रूप में हुई है।

बताया जाता है,कि सरसोता कुंड में करीब पांच फुट पानी भरा हुआ था। स्थानीय लोगों ने सुबह पानी में शव उतराता देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार जितेंद्र अपने पिता लीलाधर की पांच संतानों में सबसे बड़ा था। परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। जितेंद्र शादीशुदा था तथा उसका एक दो वर्ष का पुत्र भी है। बताया गया है कि पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले दो-तीन दिनों से अपनी ससुराल ग्राम जललूपुर थाना जरीफनगर आया हुआ था।

सरसोता मंदिर के पुजारी श्याम गिरी ने बताया कि सुबह करीब सात बजे तक कुंड के आसपास सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ देर बाद लोगों ने पानी में युवक का शव देखा। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए। लोगों ने आशंका जताई कि मामला केवल डूबने का नहीं भी हो सकता है।

इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।