रिपोर्ट/अलोक गुप्ता

‘कुमकुम राज में भरभराया सरदार नगर का टैंक’, 6 लोग घायल- NCC पर FIR, JE की नौकरी गई, गोरखपुर CE करेंगे जांच

*बरेली, जल जीवन मिशन में XEN कुमकुम गंगवार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आंवला के सरदार नगर में 4 मई को ओवरहेड टैंक गिरने के मामले में अधिशासी अभियंता कुमकुम गंगवार को निलंबित कर दिया गया है। हैरानी की बात ये है कि XEN कुमकुम गंगवार के कार्यकाल में मथुरा के बाद बरेली में ये दूसरा टैंक हादसा है। लगातार दो-दो टैंक गिरने के बाद जल जीवन निगम ने XEN कुमकुम गंगवार पर सख्त एक्शन लिया है।

कुमकुम गंगवार को पहले मिला था नोटिस, अब हुईं सस्पेंड..


आंवला के सरदार नगर गांव में 4 मई को पानी का ओवरहेड टैंक अचानक गिर गया था। हादसे में 6 लोग घायल हुए थे। इलाके में हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने XEN कुमकुम गंगवार समेत जिम्मेदार अफसरों पर सवाल उठाए थे। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर हंगामा हुआ था।

हादसे के तुरंत बाद XEN कुमकुम गंगवार को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ था। अब प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने XEN कुमकुम गंगवार को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए सस्पेंड कर दिया है।

मथुरा में भी कुमकुम गंगवार के रहते गिरा था टैंक, घटिया मिला था काम..


जांच में खुलासा हुआ कि 30 जून 2024 को मथुरा की कृष्ण विहार कॉलोनी में भी ओवरहेड टैंक गिरा था। उस समय भी वहां XEN कुमकुम गंगवार ही तैनात थीं। तब भी XEN कुमकुम गंगवार को नोटिस मिला था।

दोनों हादसों में XEN कुमकुम गंगवार की देखरेख में हुए निर्माण की गुणवत्ता अधोमानक पाई गई। काम सही तरीके से नहीं हुआ। विभागीय निर्देशों की अनदेखी की गई। XEN कुमकुम गंगवार की लापरवाही से शासन की छवि धूमिल हुई।

NCC पर FIR, JE-AE बर्खास्त- झांसी भेजी गईं कुमकुम गंगवार..


सरदार नगर हादसे के बाद निर्माण कंपनी NCC लिमिटेड पर FIR दर्ज की गई थी। संबंधित जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया। राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के AE और JE की सेवाएं खत्म कर दी गईं।

लखनऊ से आई टीमों ने रेता, सीमेंट, सरिया के सैंपल लिए हैं। रिपोर्ट आना बाकी है। निलंबन के दौरान XEN कुमकुम गंगवार को मुख्य अभियंता बुंदेलखंड क्षेत्र झांसी से अटैच किया गया है। पूरे मामले की जांच गोरखपुर के मुख्य अभियंता विक्रम प्रताप सिंह करेंगे। बरेली का अतिरिक्त चार्ज अब शाहजहांपुर के XEN को दिया जा रहा है।