रिपोर्ट /अलोक गुप्ता

‘जनहानि पर 4-4 लाख, मकान-पशुहानि पर भी राहत’, 2019 से अब तक 1496 किसानों को मिले 72 करोड़ से ज्यादा

*बरेली, आंवला तहसील सभागार में शुक्रवार को आपदा राहत राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग जे०पी०एस० राठौर की अध्यक्षता में 12/13 मई को आई आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को राहत सहायता दी गई।

24 घंटे में खातों में पहुंची रकम, जनहानि पर 4-4 लाख
राजस्व प्रशासन ने घटनाओं का तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीड़ितों के खातों में 24 घंटे के भीतर सहायता राशि ट्रांसफर कर दी गई। जनहानि से प्रभावित दो परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता दी गई। इसके अलावा दैवीय आपदा में मकान क्षति से प्रभावित 30 लाभार्थियों और पशुहानि से प्रभावित 9 लाभार्थियों को भी चेक बांटे गए। गत वित्तीय वर्ष में कुल 457 पीड़ितों को लगभग 2 करोड़ 4 लाख 65 हजार की सहायता राशि स्वीकृत की गई थी।

गेहूं जलने पर 10 किसानों को 2.29 लाख, 1496 किसानों को मिल चुके 72 करोड़
कार्यक्रम में ग्राम इस्माइलपुर में अग्निकांड से गेहूं की फसल नष्ट होने पर मुख्यमंत्री खेत खलिहान एवं दुर्घटना सहायता योजना के तहत 10 किसानों को कुल 2,29,973 रुपये की सहायता दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 5-5 लाख की आर्थिक मदद दी गई।

मंत्री जे०पी०एस० राठौर ने बताया कि 2019 से संचालित कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जनपद में अब तक 1496 किसानों को कुल 72 करोड़ 47 लाख 80 हजार की सहायता राशि दी जा चुकी है। बीते वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ 80 लाख 40 हजार की धनराशि 244 लाभार्थियों को वितरित की गई, जिनमें 196 महिलाएं शामिल हैं।