Bareilly में परिवहन विभाग की व्यवस्थाओं, प्रवर्तन कार्यवाहियों और सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा के उद्देश्य से परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की। कार्यक्रम के दौरान राजस्व वसूली, सड़क सुरक्षा, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं में दोषी चालकों के लाइसेंस निलंबन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।


निर्माणाधीन सारथी हॉल का निरीक्षण..


भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत परिवहन आयुक्त ने सर्वप्रथम परसाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन सारथी हॉल एवं कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रबंधक ने जानकारी दी कि भवन निर्माण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
इस पर परिवहन आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शेष निर्माण कार्य को 31 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


वाहन परीक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


इसके बाद परिवहन आयुक्त ने PHOENIX AUTOMOBILES TESTING BAREILLY PRIVATE LIMITED, बिथरी चैनपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां संचालित व्यवस्थाओं, वाहन परीक्षण प्रणाली और कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वाहन फिटनेस और परीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखी जाए।


विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक..


निरीक्षण कार्यक्रम के बाद बरेली परिक्षेत्र के समस्त सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, राजस्व प्राप्ति, प्रवर्तन कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशमन शुल्क लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए और राजस्व वसूली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।


बरेली परिक्षेत्र बना प्रदेश में नंबर वन..


बैठक के दौरान राजस्व प्राप्तियों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल माह में उत्तर प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों में Bareilly परिक्षेत्र ने राजस्व प्राप्ति में प्रथम स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों की सराहना की और कहा कि इसी प्रकार आगे भी लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यशैली बनाए रखने के निर्देश दिए।


मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर चलेगा अभियान


बैठक के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई किए जाने पर विशेष बल दिया गया। परिवहन आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाए, जिससे ध्वनि प्रदूषण और सड़क पर असुविधा पैदा करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र (RC) निलंबित करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।


सड़क दुर्घटनाओं में दोषी चालकों पर सख्ती..


परिवहन आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में जिम्मेदार वाहन चालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में दोषी पाए जाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई शत-प्रतिशत लागू की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।


सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा..


बैठक में सड़क सुरक्षा अभियानों, प्रवर्तन कार्यवाहियों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आमजन की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर DTC कमल प्रसाद गुप्ता, उप परिवहन आयुक्त बरेली परिक्षेत्र, पंकज सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, प्रणव झा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), डॉ० प्रवेश कुमार सरोज, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन),वैभव सोती, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सहित Moradabad एवं बरेली संभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।