बरेली। भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में 25 मार्च को भव्य ऋण मेला आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के गणमान्य अतिथियों एवं बैंक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत 131 लाभार्थियों को कुल 5 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए, जिससे स्थानीय उद्यमियों, किसानों, युवाओं एवं पटरी व्यवसायियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।


कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी, बैंक के लखनऊ मंडल के महाप्रबंधक (नेटवर्क-1) अनिल कुमार, अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल, अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर सौरभ दुबे एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट न्याय देश दीपक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा एसबीआई बरेली मंडल के उप महाप्रबंधक सुमन बक्शी, क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार राय समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अजय कुमार साहनी ने भारतीय स्टेट बैंक की उपलब्धियों एवं समाज के प्रति उसके योगदान की सराहना की। वहीं प्रीति जायसवाल ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


इस अवसर पर महाप्रबंधक अनिल कुमार ने भारतीय स्टेट बैंक के 200 वर्षों के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बैंक की प्रगति एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उप महाप्रबंधक सुमन बक्शी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार राय के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक सहज कुमार भारद्वाज, क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य प्रबंधक हिमांशु दीक्षित एवं वित्तीय समावेशन के प्रबंधक विजय कुमार का विशेष योगदान रहा।


भोजीपुरा शाखा के नए परिसर का उद्घाटन
इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक के लखनऊ मंडल के महाप्रबंधक अनिल कुमार ने भोजीपुरा शाखा के नवीन परिसर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक सुमन बक्शी, क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज कुमार राय, मुख्य प्रबंधक मंजुलिका अमरनानी, शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राहक एवं बैंक कर्मचारी उपस्थित रहे।