
होली पर बरेली परिक्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
बरेली। होली पर्व को सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अजय कुमार साहनी, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। पर्व को देखते हुए बरेली परिक्षेत्र के जनपद बरेली, बदायूं, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर को सुपर जोन, जोन, सेक्टर एवं सब सेक्टरों में विभाजित कर व्यापक पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चारों जनपदों में कुल 9568 स्थानों पर होलिका दहन तथा 123 छोटे-बड़े जुलूस निकाले जाएंगे। पर्व से पूर्व शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ 675 बैठकों का आयोजन किया गया, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
पूरे परिक्षेत्र को 08 सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर एवं 350 सब सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
विशेष जुलूसों पर खास नजर
2 से 3 मार्च को बरेली में निकलने वाली रामबारात शोभायात्रा तथा शाहजहांपुर में बड़े एवं छोटे लाट साहब के प्रमुख जुलूसों के मद्देनज़र विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की व्यापक व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडीवार्न कैमरों से लैस किया गया है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
11,444 पुलिसकर्मी और 14 कंपनियां तैनात
होली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कुल 11,444 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त पीएसी एवं आरएएफ की 14 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल लगाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का लक्ष्य है कि होली का पर्व पूरे परिक्षेत्र में हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न हो।