बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर कला स्थित IDBI बैंक के बीसी (मिनी शाखा) सेंटर में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ₹65 हजार की नगदी के साथ बैंक संचालन में प्रयुक्त करीब ₹80 हजार कीमत के उपकरण चोरी कर ले गए।
पीड़ित गोपाल मौर्य पुत्र अर्जुन मौर्य निवासी रसूलपुर कला के अनुसार, वह गुरुवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के मुताबिक चोर इन्वर्टर, बैटरी, दो प्रिंटर, तीन हार्ड डिस्क, बैंक का बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट) स्कैनर तथा ₹65 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब ₹80 हजार बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने थाना जरीफनगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।