सहसवान (बदायूं)। सहसवान में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां मकान के लालच में सगे बेटे, बहू और दामाद ने मिलकर 75 वर्षीय बुजुर्ग मां को बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती है और जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
घटना सहसवान के कटरा मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां 75 वर्षीय तहज़ीब बेगम अपने मकान में रहती थीं। उनके दो बेटे हैं। बुजुर्ग महिला अपना गुजर-बसर मिठाई के डब्बे बनाकर करती थीं। बताया गया है कि बड़ा बेटा टीवी की बीमारी से ग्रस्त है और मां के साथ ही रहता था, जबकि छोटा बेटा और उसकी पत्नी आए दिन मकान हथियाने के लिए मां को प्रताड़ित करते रहते थे।
आरोप है कि मकान के लालच में छोटे बेटे और बहू को दामाद अकील भी उकसाता था। हालात उस वक्त बिगड़ गए जब तीनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला को डंडों से बुरी तरह पीटा और घर से बाहर निकाल दिया। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
