: बदायूँ। शेखूपुर कादरचौक रोड स्थित शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में शिखर विज़डम क्वेस्ट 2026 अर्थात शिखर ज्ञान–विज्ञान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता के लिए कक्षा 12 के कुल 1511 छात्र–छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1413 विद्यार्थियों ने आज आयोजित परीक्षा में दो पालियों में प्रतिभाग किया, जबकि 98 विद्यार्थी किसी कारणवश प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं हो सके।
पहली पाली प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित की गई, जिसमें 694 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक सम्पन्न हुई, जिसमें 719 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए सचिव करन थरेजा ने बताया कि इस प्रकार की ज्ञान–विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन बदायूँ जिले में पहली बार 28 अप्रैल 2024 को शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग द्वारा किया गया था। विद्यार्थियों की उत्साहजनक सहभागिता को देखते हुए इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने की परंपरा प्रारंभ की गई है, जो भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।


संस्थान के अध्यक्ष डॉ० आर० के० वर्मा ने बताया कि आज का प्रश्न पत्र एवं उसकी आंसर की (उत्तर कुंजी) अगले दो दिनों में संस्थान की वेबसाइट https://sip-budaun.co.in पर अपलोड कर दी जायेंगी, जिसे प्रतियोगी प्रश्न उत्तर का मिलान करके स्वयं मूल्यांकन भी कर सकें। शीघ्र ही एक भव्य आयोजन के माध्यम से इस प्रतियोगिता के विजेताओं का पुरुस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. आर. के. वर्मा ने कहा कि शिखर ज्ञान–विज्ञान प्रतियोगिता 2026 में इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता से संस्थान के सभी बोर्ड मेंबर्स में प्रसन्नता के साथ-साथ इस जिम्मेदारी का भी बोध होता है कि बदायूँ जनपद के विद्यार्थियों को और अधिक बेहतर शिक्षा, प्रशिक्षण तथा उच्च स्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।
वहीं संस्थान के प्रबंधक विक्रांत मेंदीरत्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को नव वर्ष 2026 का कैलेंडर भेंट कर उनकी आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी अध्यापकों, स्टाफ मेंबर्स तथा अतिथि सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।