एम जे पी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के प्रोफेसर यशपाल सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की

लखनऊ/बरेली। जाने-माने शिक्षाविद और एम जे पी रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के शिक्षा एवम सहबद्ध संकाय के प्रोफेसर (डॉ.) यशपाल सिंह ने आज लखनऊ में प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण कर ली। इससे पूर्व प्रो.यशपाल सिंह सन 1991 से लेकर 2013 तक बहुजन समाज पार्टी में रहकर सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाते रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्रोफेसर यशपाल सिंह पाँच बार एम जे पी रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के शिक्षक संघ के अध्यक्ष और एक बार उपाध्यक्ष के पद पर भी आसीन रहे हैं। समावेशी शिक्षा और शिक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञ माने जाने वाले प्रोफेसर यशपाल सिंह दलितों और वंचितों की आवाज उठाने के लिए जाने जाते हैं। साथ ही समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में प्रोफेसर यशपाल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त हैं। तेजतर्रार रवैये वाले प्रोफेसर यशपाल सिंह विभिन्न शैक्षणिक नीतियों के आलोचनात्मक विश्लेषण करने के लिए भी पहचाने जाते हैं। आज प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण करते हुए प्रोफेसर यशपाल सिंह ने कहा कि, “भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आज प्रत्येक मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। गरीबों और किसानों से लेकर शिक्षक और विद्यार्थियों तक सब केंद्र सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त हैं। बढ़ती महंगाई, बदहाल अर्थव्यवस्था, निजीकरण, पूंजीवाद, फासीवाद, साम्प्रदायिकता और जातिवाद जैसी समस्याएं अपने चरम पर हैं, जिससे सामाजिक तानाबाना अस्त व्यस्त हो चुका है और सामाजिक समरसता गर्त में पहुँच चुकी है। ऐसी स्थिति में आज सिर्फ कांग्रेस ही राष्ट्रीय स्तर की एक ऐसी पार्टी है, जो देश की जनता को इन सभी समस्याओं से निजात दिलाकर समाज को नई दिशा देने और सामाजिक समरसता को पुनर्स्थापित करने का काम कर सकती है। आज शिक्षित युवाओं और शिक्षित वर्ग के लोगों को जागरूक होकर कांग्रेस के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। कांग्रेस ही एक ऐसा राजनीतिक दल है जिसके पास देश की व्यवस्था चलाने का सबसे लंबा अनुभव है और आज देश पुनः कांग्रेस के अनुभव की ओर देख रहा है।“ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रोफेसर यशपाल सिंह का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रोफेसर यशपाल सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराने हेतु प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का विशेष आभार व्यक्त किया, साथ ही कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए कांग्रेस के पति निष्ठावान रहते हुए समाजसेवा करने की बात कही।