योग एक वैज्ञानिक और प्राकृतिक क्रिया है: सर्वेश पाठक’स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर हुआ योगाभ्यास

बदायूं। श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मीरा चौकी स्थित रविवार को 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह पूर्वक और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है, जिसके तहत सभी को ‘करें योग, रहें निरोग’ का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष योगाचार्य सर्वेश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर और प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने पुष्पार्चन करके किया।योगाभ्यास सत्र का संचालन करते हुए योगाचार्य सर्वेश पाठक ने योग की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हमारा शरीर एक मंदिर है। योग एक वैज्ञानिक और प्राकृतिक क्रिया है, जो हमारे शरीर और मन को निरोग व शांत रखती है। योग के नियमित अभ्यास से शरीर में स्फूर्ति और लचीलापन आता है।” श्री पाठक ने आगे जोड़ा कि योग से हम स्वयं जुड़कर घर, परिवार, समाज और अंत में परमात्मा से जुड़ते हैं। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने से दीर्घायु प्राप्त होती है और मन-मस्तिष्क बीमारियों से दूर रहता है। योग से मोक्ष (इच्छा विहीनता) की प्राप्ति होती है।सत्र के दौरान योगाचार्य ने उपस्थित लोगों को भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, उज्जयी, भ्रामरी प्राणायाम सहित ॐ का उच्चारण और ध्यान का गहन अभ्यास कराया।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने मुख्य अतिथि योगाचार्य सर्वेश पाठक का परिचय कराया और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कमलेश कुमार, शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख राजकुमार सिंह सेंगर, अनुज पटेल, हिमांशु उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, अशोक कुमार, दिनेश कुमार शर्मा सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।