बदायूं:
बदायूं जनपद की चर्चित बिल्सी विधानसभा सीट से आगामी चुनाव की तैयारी में जुटे क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता ठाकुर रवि प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष विधिवत रूप से पार्टी की सदस्यता ली।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुआ मिलन
इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रही। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, आंवला लोकसभा क्षेत्र से सांसद नीरज मौर्य, बदायूं सांसद आदित्य यादव और समाजवादी पार्टी बदायूं के जिलाध्यक्ष आशीष यादव की मौजूदगी में ठाकुर रवि प्रताप सिंह ने समाजवादी कुनबे में कदम रखा।
बिल्सी और पूरे मंडल में छाई खुशी की लहर
ठाकुर रवि प्रताप सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से बदायूं जनपद सहित पूरे बरेली मंडल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह और जश्न का माहौल है। जानकारों का मानना है कि क्षत्रिय समाज में गहरी पैठ और मजबूत जनधार रखने वाले ठाकुर रवि प्रताप सिंह के आने से बिल्सी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का समीकरण बेहद मजबूत हुआ है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम को आगामी चुनावों के लिहाज से एक बड़ा उलटफेर माना जा रहा है, जिससे पार्टी को क्षेत्र में नई ऊर्जा और धार मिली है।