सहसवान (बदायूँ)। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम बाजपुर की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने गांव के ही दबंगों से परेशान होकर अब जनपद के पुलिस अधीक्षक महोदय को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता आसमा पत्नी मिस्टर निवासी ग्राम बाजपुर ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग और गांव के कुछ दबंग व्यक्ति उसे व उसके रिश्तेदारों को लगातार परेशान कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति द्वारा 112 नंबर पर झूठी सूचना देकर बार-बार उसके घर पुलिस भेजी जा रही है, जिससे उसका परिवार मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है।
महिला ने बताया कि थाना सहसवान में पंजीकृत मुकदमा संख्या 469/2026 दिनांक 10.09.2026 को लेकर विपक्षीगण चाँद बाबू, मिस्टर, नाजिम, दिलशाद व हसन मोहम्मद सहित अन्य द्वारा उसके निर्दोष रिश्तेदार को छेड़छाड़, लूट जैसी गंभीर धाराओं में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने उल्लेख किया है कि उक्त लोग दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जो खुलेआम घूमकर उसे धमका रहे हैं कि उसे व उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसा देंगे और जान से मार देंगे। इस कारण पीड़िता का परिवार दहशत में है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक बदायूँ से ऑनलाइन शिकायत कर मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उसके व उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
महिला ने कहा है कि उसे पुलिस अधीक्षक महोदय से न्याय की पूरी उम्मीद है।
