इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरपुर में सात मजदूरों ने दो ठेकेदारों पर मेहनताना न देने का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि उन्होंने करीब तीन माह पहले ग्राम क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण का कार्य किया था, लेकिन ठेकेदारों ने अब तक उनकी मजदूरी नहीं दी।

मजदूर अनेक पाल, ठकुरी, देवेंद्र सहित कुल सात लोगों ने बताया कि उन्होंने लगभग ₹24 हजार की मजदूरी की थी। वे पिछले कई हफ्तों से अपने मेहनताना की मांग ठेकेदारों से कर रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। अब दिवाली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में मजदूरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।

आरोप है कि जब मजदूर रुपये मांगने ठेकेदार के घर पहुंचे तो ठेकेदारों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की धमकी देते हुए मजदूरी देने से मना कर दिया। इससे नाराज़ होकर सभी मजदूर मंगलवार को थाना इस्लामनगर पहुंचे और दोनों ठेकेदारों के खिलाफ तहरीर दी।

मजदूरों ने पुलिस से गुहार लगाई कि उन्हें उनकी मेहनत की कमाई दिलाई जाए। पुलिस ने मामले की तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मजदूरों को समय पर मेहनताना न मिलना गरीब परिवारों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।