सहसवान-शनिवार शाम देर शाम करीब सात बजे सहसवान नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई।
मौसम के इस अचानक बदले मिजाज से जहां नगरवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई देने लगीं।
तेज हवाओं के साथ गिरे बड़े-बड़े ओलों से लोगों में कुछ देर के लिए। अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया, जबकि बाजारों में भी लोगों को बारिश और ओलों से बचने के लिए दुकानों के शटरों व छज्जों का सहारा लेना पड़ा।
नगर के लोगों ने लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत महसूस की और मौसम सुहावना हो गया। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को मूंगफली समेत अन्य फसलों के नुकसान की आशंका सता रही है। किसानों का कहना है कि यदि ओलावृष्टि अधिक देर तक जारी रहती है तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
फिलहाल किसानों द्वारा फसलों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। मौसम में आए इस बदलाव ने एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी ओर कृषि क्षेत्र के लिए चिंता बढ़ा दी है।