बदायूं। शहर के पुलिस लाइन चौराहे पर यातायात व्यवस्था फेल होती नजर आ रही है। ट्रैफिक विभाग के तमाम दावों को हवा में उड़ाते हुए इस प्रमुख चौराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। सुबह से लेकर शाम तक लगने वाले इस जाम के कारण आम जनता, व्यापारी और राहगीर परेशान रहते हैं।
चौराहे पर जाम का सबसे बड़ा कारण डग्गामार वाहनों, बेतरतीब खड़े रहने वाले ई-रिक्शों और सड़क के दोनों तरफ लगे अवैध ठेलों का कब्जा है। बरेली-मथुरा मार्ग से आने वाले भारी वाहनों के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर दूर-दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो चुका है।
लापरवाह बना ट्रैफिक विभाग
स्थानीय नागरिकों में ट्रैफिक प्रभारी और उनकी टीम के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी केवल मूकदर्शक बने रहते हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। जाम के कारण स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वालों और एंबुलेंस में फंसे मरीजों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है।