अपने संस्कारों को जीवित रखें, माता-पिता के सम्मान और उनके स्थान को किसी अन्य रिश्ते से रिप्लेस ना करें… मुख्य अतिथि अभय कुमार
जिला प्रोबेशन तथा बाल सुरक्षा अधिकारी।

मिशन इंग्लिश स्कूल सिविल लाइंस, बदायूं परिसर में क्रिसमस कार्निवल 2025 का दूसरा दिन भी रहा भव्य पूर्ण!
दूसरे दिन का थीम था –
“सर्वधर्म सम्मेलन “
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री अभय कुमार जी PCS , जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुस्लिम धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपस्थित डॉक्टर आसमा इम्तियाज, हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपस्थित श्री वीरेश वार्ष्णेय जी तथा श्री वीके गुप्ता जी, ईसाई धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपस्थित श्रद्धेय पास्टर रजनीश कुमार जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।


बच्चों द्वारा दी गई भावपूर्ण तथा मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांधा । डॉ आसमा इम्तियाज ने बड़े ही प्रभावी ढंग तथा संक्षिप्त रूप से इस्लाम धर्म की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि एक ही अल्लाह है। हम उन्हीं की संतान हैं और हम सबको इस सुंदर प्रकृति को अपने नैतिक मूल्यों को जिंदा रखते हुए समाज में शांति की स्थापना करनी है । श्री वीरेश वार्ष्णेय जी ने बताया कि हिंदू धर्म का अर्थ विभिन्न तरह से पूजा पद्धति करना नहीं है बल्कि यह सनातन धर्म है जिसका कोई अंत नहीं। धर्म हमें सिखाता है कि सारी धरती एक परिवार है और हम सबको मिलजुल कर इस धरती को स्वर्ग बनाना है। जब-जब धरती पर पाप बढ़ता है भगवान विष्णु प्रकट होकर पापियों का विनाश करते हैं। ईसाई धर्म के गुरु के रूप में उपस्थित श्रद्धेय पास्टर रजनीश कुमार जी ने क्रिसमस का संदेश लोगों को दिया तथा सबके लिए प्रार्थना की कि आने वाला वर्ष हम सबके लिए भरपूर खुशियां लेकर आए । विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अल्फारिया अस्पताल के निदेशक , मेडिकल सर्विस सोसायटी यूपी वेस्ट तथा इंडियन अकैडमी आफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष महोदय डॉक्टर एतिहाद आलम ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सभी बच्चों, शिक्षकों, प्रधानाचार्या श्रीमती अनु सक्सेना तथा विद्यालय की प्रबंध निदेशक शोभा फ्रांसिस को शुभकामनाएं दी तथा कहा कि आने वाले समय में मिशन इंग्लिश स्कूल ऊंचाइयों को छूएगा और विद्यालय के बच्चे हर क्षेत्र में आगे बढ़ते जाएंगे । शहर में नगर कीर्तन होने के कारण गुरुद्वारा समिति के कोई भी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हो सके किंतु श्रीमती पम्मी मेहंदीरता ब्लूमिंगडेल स्कूल के अध्यक्ष महोदया द्वारा कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गई।


मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री अभय कुमार जी PCS, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा जिला बाल सुरक्षा अधिकारी ने माननीय मुख्य मंत्री की यशस्वी कन्या सुमंगला योजना को विस्तार पूर्वक समझाया तथा महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरो 1090, 181 तथा 1098 सुविधाओं पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला और अभिभावकों और बच्चों को बताया कि अगर किसी को भी कभी किसी सहायता की जरूरत है तो कृपया इन सेवाओं का लाभ जरूर लें । समाज में भय के वातावरण से दूर रहकर सम्मान के साथ जिए ।उन्होंने प्रबंध निदेशिका श्रीमती शोभा फ्रांसिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह एक बहुत ही उत्तम, अनुशासित तथा कर्मठ लीडर हैं जिनके नेतृत्व में बहुत ही कम समय में मिशन इंग्लिश स्कूल जिस राह पर बढ़ रहा है वह बहुत ही प्रशंसनीय है और अति शीघ्र शहर के प्रतिष्ठित विद्यालयों में गिना जाएगा । क्रिसमस कार्निवल के तीनों दिन के थीम पर उन्होंने प्रकाश डाला और कहा कि उनकी सोच और टीम का कार्य वास्तव में बहुत ही प्रशंसनीय है । सबसे महत्वपूर्ण बात जो उनके द्वारा कही गई कि आज व्हाट्सएप और फेसबुक यूनिवर्सिटी का समय है जहां पर यह शिक्षा दी जाती है की माता पिता व भाई बहनों को मित्र बनना चाहिए। उन्होंने इस बात का खंडन किया और कहा कि हमारे समाज में सदियों से हमारे हर एक रिश्ते का अपना स्थान है। जिसका किसी से रिप्लेसमेंट नहीं किया जा सकता । हमारे सम्माननीय रिश्तों को हमें उन्हीं के स्थान पर रखना है। पिता का स्थान पिता का ही रहना चाहिए। मां का स्थान मां ही रहना चाहिए। भाई का स्थान भाई का ही है और बहन का स्थान बहन का ही होना चाहिए। मित्र का अपना एक अलग स्थान व महत्व है। सभी रिश्तों में हम मित्रता पूर्ण तरीके से रह तो सकते हैं लेकिन हम इनकी गरिमा और रिश्तों को खत्म कर मित्र नहीं बन सकते । उन्होंने कहा कि विद्यालय के बच्चे सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ उठाएं ।

इसके लिए हम विद्यालय आते रहेंगे तथा विद्यालय प्रशासन का मार्गदर्शन करेंगे जिससे अधिक से अधिक लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सके। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनु सक्सेना ने पुष्प गुच्छ समर्पित करआए हुए अतिथियों का स्वागत किया। सेंट मैरीस वेलफेयर सोसायटी उत्तराखंड के उपाध्यक्ष श्री कमलेश पाण्डेय द्वारा अतिथियों को शॉल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया गया। विद्यालय की प्रबंध निदेशिका ने अतिथियों तथा अभिभावकों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के आयोजक श्रीमती तूलिका वैश तथा श्री अमन सलीम ने कल 25 दिसंबर के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कल 25 दिसंबर क्रिसमस का त्यौहार है । जो कि बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अधिक से अधिक मात्रा में उपस्थित होकर क्रिसमस ब्लेसिंग प्राप्त करें तथा बच्चों का उत्साह वर्धन करें।