बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र की नगर पंचायत दहगवां के वार्ड संख्या-7 में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के पीछे से भीतर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दहगवां निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सुदर्शन लाल सक्सैना मंगलवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे से घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया।
पीड़ित के अनुसार, चोर अलमारी से करीब 10 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने का ‘ॐ’ लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए।

बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा मिला। इसके बाद घटना की सूचना दहगवां चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पीड़ित परिवार ने चुराएंगे सामान की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।