
फतेहगंज पूर्वी में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा, ₹50 हजार की दवाएं सीज
बरेली। 12 फरवरी 2026 को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर जनपद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध औषधि विक्रय लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई जिलाधिकारी बरेली एवं सहायक आयुक्त औषधि, बरेली मंडल के निर्देशन में की गई।

निर्देशानुसार औषधि निरीक्षक बरेली राजेश कुमार एवं अनामिका अंकुर जैन की संयुक्त टीम ने थाना फतेहगंज पूर्वी, तहसील फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम पढ़ेरा में देशदीपक सिंह पुत्र स्व. ओमप्रकाश सिंह द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त मेडिकल स्टोर बिना वैध औषधि विक्रय लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान दुकान में अवैध रूप से भंडारित एलोपैथिक औषधियां बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 50,000 रुपये आंकी गई है। समस्त दवाओं को नियमानुसार फॉर्म-16 के तहत सीज कर लिया गया।

इसके अतिरिक्त, मौके से 05 संदिग्ध औषधि नमूने विधिवत प्रक्रिया का पालन करते हुए जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तथा विवेचना पूर्ण होने के पश्चात संबंधित के विरुद्ध माननीय न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध दवा कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस दवा बिक्री करना कानूनन अपराध है तथा जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।