सहसवान- नगर की कानून व्यवस्था और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर नव नियुक्त प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने मोर्चा संभालते ही अपनी अलग पहचान बना ली है। चार्ज संभालने के पांचवें दिन ही उन्होंने जनता को सीधा संदेश दिया आपकी हर समस्या के लिए मैं 24 घंटे मौजूद हूं। सीधे थाने आएं, न्याय मिलेगा।
प्रभारी निरीक्षक ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने अधीनस्थों की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याण के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। जनता से बातचीत में शालीनता, शिष्टाचार और संवेदनशीलता बरती जाए।
पिछले कुछ दिनों से नगर में आ रही शिकायतों को प्रभारी निरीक्षक ने गंभीरता से लिया है। वह स्वयं फरियादियों की बात सुन रहे हैं और मौके पर निस्तारण के निर्देश दे रहे हैं। उनका कहना है कि पीड़ित को थाने के चक्कर न लगाने पड़ें, यही उनकी प्राथमिकता है।
दोषियों पर जीरो टॉलरेंस
नरेश कुमार ने साफ किया कि अपराध और अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभागीय पुलिसकर्मियों को भी चेतावनी दी कि यदि कोई शासन के आदेशों के विपरीत कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय है।
जनता कर रही प्रशंसा
प्रभारी निरीक्षक के इस जनहितैषी और सख्त रवैये से जहां एक ओर नगर व देहात की जनता में खुशी की लहर है, वहीं दूसरी ओर खुरापातियों में हड़कंप मच गया है। आमजन का कहना है कि इतने कम समय में प्रभारी निरीक्षक ने जनता का भरोसा जीत लिया है। थाने आने वाले फरियादी भी खुले मन से प्रभारी निरीक्षक के काम और व्यवहार की सराहना कर रहे हैं।
नगर के संभ्रांत लोगों ने कहा कि नरेश कुमार के आने से पुलिस और जनता के बीच का फासला कम हुआ है और आम आदमी को न्याय मिलने की नई उम्मीद जगी है।