​बदायूँ। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जरीफनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आरोपी को 20 पैकेट अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
​मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशों के क्रम में रविवार को जरीफनगर पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम उस्मानपुर बस अड्डे के पास दबिश देकर राजेश पुत्र जयवीर सिंह, निवासी ग्राम उस्मानपुर (थाना जरीफनगर) को धर दबोचा।
​पुलिस द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ‘गोल्डेन पंच’ मार्का के 200-200 मि.ली. के 20 पैकेट अवैध देशी शराब बरामद हुए।
​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना जरीफनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60 (मु.अ.सं. 271/2026) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अभियुक्त को संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया है।