
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर जनपद में परिवहन विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को आरटीओ प्रवर्तन टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए नागालैंड और राजस्थान में पंजीकृत दो निजी बसों को स्थानीय सवारी ढोते हुए पकड़ा। दोनों वाहनों पर नियमों के उल्लंघन के आरोप में जुर्माना लगाया गया, जबकि अन्य कई वाहनों के भी चालान किए गए।
आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी वैभव सोती और रमेश प्रजापति ने पीलीभीत रोड और नैनीताल रोड पर अभियान के दौरान एक बस को रोककर जांच की। जांच में पता चला कि बस नागालैंड में पंजीकृत है, लेकिन वह स्थानीय यात्रियों को लेकर संचालित हो रही थी। नियमों के उल्लंघन पर बस का 31 हजार रुपये का चालान किया गया।
इसी दौरान दूसरी बस को रोककर जांच की गई, जो राजस्थान में पंजीकृत थी। जांच में चालक के पास ऑल इंडिया परमिट भी नहीं मिला, जबकि बस स्थानीय सवारियां लेकर संचालित की जा रही थी। इस पर 16 हजार रुपये का चालान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों वाहनों के टैक्स का अलग से आकलन किया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के कई स्थानों पर चला चेकिंग अभियान
प्रवर्तन टीम ने सेटेलाइट बस अड्डा और आरटीओ कार्यालय के आसपास भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ प्रशासन डॉ. पी.के. सरोज के नेतृत्व में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा नैनीताल रोड और पीलीभीत रोड पर भी कई वाहनों की जांच की गई।
अप्रैल से अब तक 564 वाहनों पर कार्रवाई
परिवहन विभाग के अनुसार, अप्रैल से अब तक 564 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जबकि 285 वाहनों को सीज किया गया है।
आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान—
230 बस और मिनी बसों का चालान किया गया।
234 टैक्सियों पर कार्रवाई हुई।
107 निजी वाहनों को व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर चालान किया गया।
78 बसें, 128 टैक्सियां और 81 निजी वाहन सीज किए गए।
उन्होंने बताया कि वाहन स्वामियों से अब तक 53 लाख रुपये शमन शुल्क तथा 33 लाख रुपये टैक्स की वसूली की जा चुकी है।
खनन वाहनों पर भी सख्ती
प्रवर्तन टीम ने अवैध एवं ओवरलोड खनन सामग्री ले जा रहे ट्रकों के खिलाफ भी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहनों से लगभग 77 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला जा चुका है। विभाग का कहना है कि ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन के निर्देश पर लगातार कार्यबाही..
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर बरेली में ओवरलोड वाहनों, बिना परमिट संचालित बसों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी के निर्देशन में भी प्रवर्तन कार्रवाई को और प्रभावी बनाया गया है।
परिवहन विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, अवैध वाहन संचालन पर रोक लगाना और सरकार के राजस्व की सुरक्षा करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।