बरेली छावनी परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक आज परिषद अध्यक्ष ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, वाई.एस.एम. की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन (भा.र.सं.से.), सांसद श्री छत्रपाल सिंह, तथा विधायक श्री संजीव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन द्वारा किया गया। उन्होंने सभी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि “छावनी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं नागरिक कल्याण के लिए यह परिषद सतत रूप से कार्यरत है।”

बैठक में नागरिक सुविधा, शिक्षा, स्वच्छता, आधारभूत ढांचा, महिला उद्यमिता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया और सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।


🟢 बैठक के प्रमुख निर्णय

  1. कर्मचारियों को बोनस स्वीकृति:
    वित्त वर्ष 2024–25 हेतु छावनी परिषद के कर्मचारियों को गैर-उत्पादकता (एड-हॉक) बोनस प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इससे कर्मचारियों में उत्साह एवं कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
  2. क्वार्टरों की रंगाई-पुताई:
    दीपावली से पूर्व ग्रुप ‘डी’ कर्मचारियों के आवासों की सफेदी एवं पेंटिंग कार्य के लिए आवश्यक सामग्री क्रय की स्वीकृति प्रदान की गई।
  3. भारतीय ज्ञान प्रणाली अनुभाग की स्थापना:
    युगवीणा पुस्तकालय में “Indian Knowledge System (भारतीय ज्ञान प्रणाली)” अनुभाग हेतु विशेष पुस्तक रैक स्थापित करने का अनुमोदन किया गया। इसका उद्देश्य भारतीय परंपरा, दर्शन एवं ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी पुस्तकों को आम पाठकों तक पहुँचाना है।
  4. आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज का नवीनीकरण:
    आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज भवन की रंगाई-पुताई एवं आंतरिक सड़क मार्ग की मरम्मत कार्य को स्वीकृति दी गई, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ होगा।
  5. कौशल विकास केन्द्र की स्थापना:
    कैंट गर्ल्स प्राइमरी स्कूल में “Skill Development Centre” स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस केन्द्र के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
  6. आयुष यूनिट की स्थापना:
    कैंट जनरल हॉस्पिटल में आयुर्वेद, योग एवं होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियों के लिए 32-बेड वाले “AYUSH Unit” की स्थापना हेतु ₹4.34 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अनुमोदन प्रदान किया गया। इससे नागरिकों को वैकल्पिक एवं पारंपरिक चिकित्सा सेवाएँ सुलभ होंगी।
  7. महिला हाट कॉम्प्लेक्स का निर्माण:
    महिला स्वावलंबन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 20 दुकानों वाले “Women Haat Complex” के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इसकी अनुमानित लागत ₹40 लाख है। यह केंद्र स्थानीय महिला उद्यमियों के उत्पादों के विपणन हेतु मंच प्रदान करेगा।
  8. धोपीश्वर नाथ चौक नामकरण:
    गोला बाजार स्थित प्रमुख चौक का नाम “श्री धोपीश्वर नाथ चौक” रखे जाने का निर्णय अनुमोदित किया गया, जिससे स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान मिलेगा।
  9. एफआईसीसीआई फ्लो द्वारा निशुल्क प्रशिक्षण:
    FICCI FLOW दिल्ली को छावनी क्षेत्र में निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति दी गई, जिससे युवतियों एवं महिलाओं को उद्यमिता और रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी।

बैठक के अंत में डॉ. तनु जैन ने सभी सदस्यों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा —

“बरेली छावनी को स्मार्ट, स्वच्छ और सशक्त छावनी के रूप में विकसित करने के लक्ष्य की दिशा में यह निर्णय एक मील का पत्थर सिद्ध होंगे। परिषद जनसहयोग से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।”