भिवाड़ी। शहर की पॉश कॉसमॉस सोसाइटी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब 62 वर्षीय रिटायर्ड फौजी की बहुमंजिला इमारत से गिरकर मौत हो गई। मृतक सोसाइटी के ब्लॉक नंबर-19, फ्लैट 328 में रहता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सोसाइटी के अन्य निवासी भी बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग साढ़े आठ बजे के करीब लोगों ने ब्लॉक के नीचे किसी व्यक्ति को गिरा देखा। पास जाकर देखा तो वह खून से लथपथ पड़ा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची भिवाड़ी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में मौत गिरने से होना सामने आया है, हालांकि गिरने की परिस्थितियां अब भी रहस्य बनी हुई हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक रिटायर्ड फौजी था, फिलहाल पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया हो, लेकिन आत्महत्या या किसी अन्य कारण की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। कई ब्लॉकों में सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे, वहीं गार्डों की निगरानी भी ढीली पड़ी है। हादसे के बाद सोसाइटी प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। दूसरी ओर, निवासियों में दहशत और चिंता का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि अगर ऐसी सुरक्षित मानी जाने वाली सोसाइटी में भी ऐसी घटनाएं हों, तो सवाल उठना लाजिमी है।

भिवाड़ी की इस रहस्यमयी मौत ने न केवल एक परिवार को गमगीन किया है, बल्कि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी है।

slot thailand