बदायूं। शहर के प्रतिष्ठित आसिम सिद्दीकी मेमोरियल पीजी डिग्री कॉलेज में सोमवार को होली-ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक इस कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी झलक देखने को मिली।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सेवानिवृत्त प्रवक्ता राजीव राज एवं अनवर आलम का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

वक्ताओं ने उनके दीर्घ शैक्षिक अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान की जमकर सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ अहमद मुज्तबा सिद्दीकी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता पर बल देते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक ज़ोहेब अली सय्यद, प्रबंधन समिति के सदस्य सालिम फ़रशोरी, सलमान अहमद एवं रूमान हाशमी ने भी विचार व्यक्त किए और सभी को त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन सोहेल सिद्दीकी ने किया। अंत में सलमान अहमद ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ और गणमान्य लोग मौजूद रहे।