बदायूं में सीबीएसई सहोदय (Budaun Sahodaya) का गठन, ब्लूमिंग डेल स्कूल में हुई प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक

बदायूं,। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध जनपद बदायूं के विद्यालयों के प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्लूमिंग डेल स्कूल, बदायूं में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के लगभग सभी प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों के प्राचार्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बदायूं सहोदय (Budaun Sahodaya) का औपचारिक गठन करना था। सहोदय, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक जनपद के सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय आपसी सहयोग, शैक्षणिक नवाचार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए एक साझा मंच पर कार्य करते हैं।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से बदायूं सहोदय की प्रथम कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें ब्लूमिंग डेल स्कूल के प्राचार्य संजीव सिंह राठौर को अध्यक्ष, एपीएस स्कूल के प्राचार्य रवि भट्ट को सचिव, मदर एथेना स्कूल की प्राचार्या पवित्रा यादव को कोषाध्यक्ष, ज़ीलॉट स्कूल की प्राचार्या ज्योति लता को सांस्कृतिक सचिव तथा बाबा इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या रूपा माहेश्वरी को क्रीड़ा सचिव निर्वाचित किया गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शीघ्र ही सीबीएसई के साथ औपचारिक रूप से पंजीकृत किया जाएगा। इसके उपरांत बदायूं सहोदय जनपद के सभी सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक, नेतृत्व विकास एवं क्षमता संवर्धन से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं, प्रशिक्षणों तथा संयुक्त गतिविधियों का नियमित आयोजन करेगी।

बैठक में उपस्थित सभी प्राचार्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि बदायूं सहोदय के गठन से जिले के सीबीएसई विद्यालयों के मध्य सहयोग और समन्वय को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे। सभी सदस्यों ने इस पहल को जनपद की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम बताते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ दीं।