
बरेली में होटल/बरातघर संचालकों के साथ बैठक सम्पन्न, ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निर्देश..
बरेली, 12 फरवरी। जनपद की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने, आवागमन को सुगम बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे एवं पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने की। बैठक में जनपद के समस्त होटल, बरातघर एवं बैंक्वेट हाल के मालिकों ने भाग लिया।
अपर जिलाधिकारी नगर ने होटल एवं बैंक्वेट संचालकों से शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि होटलों व बरातघरों के बाहर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दें। सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर ही डी.जे. का संचालन किया जाए तथा पार्किंग केवल चिन्हित स्थलों पर ही कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार बैंक्वेट हालों की सजावट गैलरी के रूप में सड़क तक कर दी जाती है, जिससे यातायात बाधित होता है। ऐसे में सभी संचालक अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही सजावट का कार्य करें।

सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश
बैठक में होटल एवं बैंक्वेट हाल के इंफ्रास्ट्रक्चर, अग्निशमन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा तथा लिफ्ट की सक्रियता की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही एएमसी (एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट) समय-समय पर कराने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
बार लाइसेंस के नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता बनाए रखने, किसी भी डार्क जोन को समाप्त करने तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

सामाजिक दायित्व पर भी जोर
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को रियायती दरों पर ठहरने की सुविधा देना होटल संचालकों का नैतिक व सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने यह भी चेताया कि कई संस्थानों द्वारा अपने सामने डिवाइडर हटाकर या तोड़कर अवैध कट बना दिए जाते हैं, जो दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे कृत्य पूरी तरह प्रतिबंधित हैं और भविष्य में पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात का आह्वान
पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने कहा कि ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी केवल पुलिस-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। आपसी समन्वय से ही स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।
उन्होंने बताया कि शहर की कुछ सड़कों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो बेहतर सुविधाओं के लिए किया जा रहा है। पीलीभीत बाईपास और बदायूं रोड पर अधिक संख्या में बरातघर होने के कारण वहां अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की गई है।
उन्होंने संचालकों से अपील की कि बुकिंग कराने वालों को समझाएं कि बारात सड़क के बीच से न निकले, जिससे आवागमन बाधित न हो। वैवाहिक सीजन में वॉलंटियर की नियुक्ति कर ट्रैफिक प्रबंधन में सहयोग लिया जा सकता है। सभी संस्थान पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बड़ी संख्या में उपस्थिति
बैठक में एसीएम विजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, होटल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष/सचिव, बरातघर एवं बैंक्वेट हाल एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में होटल एवं बरातघर संचालक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं सुरक्षा के मद्देनजर नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी समन्वय बैठकें आयोजित की जाती रहेंगी।