आंवला क्षेत्र में छापेमारी कर 2 संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए
बरेली। जिलाधिकारी बरेली एवं सहायक आयुक्त औषधि, बरेली मंडल के निर्देश पर औषधि विभाग की टीम ने तहसील आंवला क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक बरेली राजेश कुमार एवं श्रीमती अनामिका अंकुर जैन की टीम ने मोहल्ला खेड़ा नई बस्ती, नितिन साइकिल स्टोर के सामने, आंवला स्थित मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की।
जांच के दौरान पाया गया कि मेडिकल स्टोर का संचालन बिना वैध लाइसेंस के किया जा रहा था। मौके से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।


औषधि विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बरामद दवाओं को फॉर्म-16 के तहत सीज कर दिया। साथ ही मौके से 2 संदिग्ध दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच एवं विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने और पूरी विवेचना के बाद मामले में नियमानुसार माननीय न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।
औषधि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।