बदायूँ । जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर आमजनमानस में भ्रम की स्थिति देखी जा रही है। इस संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों तथा पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों तथा पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि घरेलू गैस उपभोक्ता अपने गैस कनेक्शन पर डिजिटल माध्यम से गैस बुक कर सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की केवाईसी नहीं कराई है, वे संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप अथवा अपनी गैस एजेंसी पर संपर्क कर तत्काल ई-केवाईसी कराना सुनिश्चित करें। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी गैस एजेंसियों पर केवाईसी एवं ऑनलाइन बुकिंग हेतु हेल्प डेस्क भी खोले जा रहे हैं।