इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों का जिला प्रशासन करा रहा शत-प्रतिशत अनुपालन।
चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने 15 विशेष अभियानों में 3 लोगों को किया रेस्क्यू।
मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को बरेली शरणालय भेजा, दो गुमशुदा बच्चे परिजनों को सौंपे।
बदायूं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा जनहित याचिका संख्या 571/2024 ज्योति राजपूत बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य प्रदेश में पारित आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु जनपद में जिला प्रशासन व जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इस मानवीय मुहिम के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अत्यंत दयनीय स्थिति में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को नया जीवन दिया जा रहा है। डीएम एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम द्वारा 24 दिसंबर 2025 से 15 जून तक विभिन्न संवेदनशील और सार्वजनिक क्षेत्रों में कुल 15 रेस्क्यू ड्राइव चलाई गईं। इन सघन अभियानों के दौरान कुल 3 जरूरतमंद व बेसहारा व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिनमें एक महिला और दो लड़के शामिल हैं।

मानसिक रूप से अविकसित महिला को मिला सहारा
रेस्क्यू की गई एक मानसिक रूप से अविकसित महिला को तत्काल संरक्षण देते हुए ‘राजकीय महिला शरणालय एवं मानसिक रूप से अविकसित महिलाओं का प्रकोष्ठ, बरेली’ में भर्ती कराया गया है। यहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज और काउंसिलिंग की जा रही है।
बिछड़े बच्चों को मिला परिवार चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा रेस्क्यू किए गए दो बालकों के परिजनों की गहन तलाश की गई। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है। अपने खोए हुए बच्चों को दोबारा पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
आम जनता से अपील, जारी रहेंगे अभियान
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े ऐसे निराश्रित, अस्वस्थ व्यक्तियों और बच्चों के अधिकारों की रक्षा व उनका पुनर्वास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई बच्चा, महिला या बुजुर्ग लावारिस अथवा अत्यंत दयनीय अवस्था में दिखे, तो उसकी सूचना तुरंत महिला कल्याण विभाग को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 112, 181 या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दी जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इस प्रकार के औचक चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर और कड़ाई से जारी रहेंगे।