दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूं ने एक बार फिर शिक्षा जगत में नया इतिहास रचते हुए सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता हासिल की है। कक्षा 10 में जोनल टॉपर देने के बाद अब कक्षा 12 के परिणामों में भी विद्यालय ने जीत का परचम लहराया है। इस वर्ष विद्यालय ने एक साथ तीन जिला टॉपर देकर पूरे जनपद में अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक परंपरा को और मजबूत किया है।

विद्यालय की छात्रा ज्योतिका सक्सेना ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं आदित्य भल्ला और शुभ सपड़ा ने भी 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर के रूप में विद्यालय का नाम रोशन किया। तीनों विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के 16 अन्य छात्र-छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शानदार अंक प्राप्त किए। योगिता ने 97.2 प्रतिशत, सिद्धि राठौर ने 97 प्रतिशत, शुभ साहू एवं अनिका गुप्ता ने 95.4 प्रतिशत, सारांश ने 95 प्रतिशत, अंशी मिश्रा ने 94.8 प्रतिशत, संयम मिश्रा ने 94.6 प्रतिशत, अविका वैश्य ने 93.4 प्रतिशत, लविश मेंदीरत्ता ने 93.2 प्रतिशत, उत्कर्ष बघेल एवं नियाली ने 91 प्रतिशत तथा प्राची भारद्वाज ने 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सामंतों ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

विद्यालय के डायरेक्टर विवेक भारती, डायरेक्टर हरप्रीत सिंह तथा मैनेजर ज्योति सक्सेना ने सभी छात्र-छात्राओं को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन सभी गर्व और खुशी के साथ इस सुनहरे पल के साक्षी बने। विद्यालय की इस सफलता ने पूरे बदायूं जनपद में खुशी और उत्साह का माहौल बना दिया है।