रिपोर्ट: आलोक गुप्ता
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण और सीएम डैशबोर्ड के प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आबकारी, परिवहन और वन विभाग को सीएम डैशबोर्ड के पैरामीटर पर विशेष ध्यान देकर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने प्रदर्शन में सुधार सुनिश्चित करें।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी अधूरे मार्ग संबंधी कार्य जल्द पूरे किए जाएं और यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।


बैठक में उप जिलाधिकारी बहेड़ी को विशेष रूप से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि तहसील बहेड़ी में अवैध खनन की शिकायतें अधिक मिल रही हैं, इसलिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


इसके अलावा सभी एसडीएम को धारा-80 एवं अंश निर्धारण से संबंधित लंबित मामलों का निर्धारित समय में निस्तारण कर पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
दैवीय आपदा से प्रभावित गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया गया।


बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी तथा सभी उप जिलाधिकारी उपस्थित रहे।