आगरा के युवक और कथित होटल CEO पर आरोप, गाली-गलौज और धमकी देने का भी मामला

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र से एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां होटल फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 19.44 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित होटल संचालक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित अंकित अग्रवाल, निवासी जटवारा थाना किला, बरेली ने आरोप लगाया है कि आगरा निवासी दिनेश कुमार ने उसे एक बड़े होटल ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया। दिनेश कुमार ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कथित रूप से होटल के सीईओ विलास पवार से मुलाकात कराई और भरोसा दिलाया कि फ्रेंचाइजी लेने पर भारी मुनाफा होगा।

आरोप है कि बातचीत के बाद विलास पवार ने प्रलोभन देकर एक नोटरी एग्रीमेंट तैयार कराया और फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा जीएसटी के नाम पर 1 लाख 44 हजार रुपये अलग से ले लिए गए। इस तरह कुल 19.44 लाख रुपये की रकम वसूल ली गई।

पीड़ित के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपी ने अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग से एनओसी सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करने को कहा, जिसे उसने समय पर पूरा भी कर दिया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो फ्रेंचाइजी दी गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला।

जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और साफ कहा कि न तो फ्रेंचाइजी मिलेगी और न ही रकम वापस की जाएगी। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई है, जिसमें दिनेश कुमार और विलास पवार दोनों शामिल हैं। फिलहाल मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों को दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है।