
पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र, बरेली श्री अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली परिक्षेत्र के सभी जनपदों—बरेली, बदायूं, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर—के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को सार्वजनिक भवनों और संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
हाल में विभिन्न सार्वजनिक भवनों एवं कोचिंग संस्थानों में हुई अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी संवेदनशील स्थलों का प्रभावी निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

निर्देशों के तहत सभी जनपदों में कोचिंग सेंटर, स्कूल-कॉलेज, छात्रावास, अस्पताल, नर्सिंग होम, मॉल, होटल, रेस्टोरेंट, बारातघर, बहुमंजिला भवन, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों की सूची तैयार कर उनका निरीक्षण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान भवन की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर अलार्म, आपातकालीन प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों एवं रास्तों की स्थिति, विद्युत वायरिंग, लोड क्षमता, अस्थायी कनेक्शन, गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग की जांच की जाएगी।
पुलिस द्वारा संबंधित विभागों—अग्निशमन विभाग, प्रशासन, नगर निकाय, विकास प्राधिकरण एवं विद्युत विभाग—के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में मिलने वाली कमियों को सूचीबद्ध कर उनका समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
सभी थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा संस्थान संचालकों के साथ सुरक्षा बैठक आयोजित कर आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्य की योजना तैयार करेंगे।
इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल कराने तथा छात्रों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी एवं बचाव उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी संस्थान में गंभीर सुरक्षा खामियां पाई जाती हैं और सुधार के निर्देशों के बाद भी पालन नहीं किया जाता है, तो संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी।