
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की उपाध्यक्ष ने गुरुवार को रामगंगा नगर आवासीय योजना एवं ग्रेटर बरेली आवासीय योजना सहित प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं अवस्थापना परियोजनाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा अनुरक्षण व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों और आवंटियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सड़कों, नालियों, सीवर लाइन, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट, विद्युत आपूर्ति, पार्कों, सार्वजनिक भवनों, 33 केवी विद्युत उपकेंद्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लाइब्रेरी, कन्वेंशन हॉल एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता और कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए जहां भी तकनीकी कमियां या अनुरक्षण संबंधी समस्याएं मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण द्वारा कराए गए सभी निर्माण कार्य दो वर्ष की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि के अंतर्गत आते हैं। इस अवधि में यदि किसी सड़क में धंसाव, भवनों में दरार, निर्माण कार्यों में टूट-फूट, सीवर या पेयजल लाइन में रिसाव अथवा गुणवत्ता संबंधी कोई भी कमी पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार को अपने खर्च पर तत्काल उसका सुधार कार्य कराना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित की जाए। यदि किसी ठेकेदार द्वारा निर्धारित समय में सुधार कार्य नहीं कराया जाता है या लापरवाही बरती जाती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए सुरक्षा निधि जब्त करने, आर्थिक दंड लगाने, ब्लैकलिस्ट करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध समाप्त करने जैसी कठोर वैधानिक एवं संविदात्मक कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान आवंटियों और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपाध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि रामगंगा नगर एवं ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के विभिन्न सेक्टरों, प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण चौराहों पर शीघ्र दिशा-सूचक (साइनेज) बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों के माध्यम से लोगों को अपने प्लॉट, सेक्टर, मार्ग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा योजनाओं में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बन सकेगा।

उपाध्यक्ष ने कहा कि बरेली विकास प्राधिकरण का उद्देश्य केवल उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य कराना नहीं है, बल्कि नागरिकों और आवंटियों को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-अनुकूल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच के अनुरूप प्राधिकरण निरंतर अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नियमित अनुरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आवंटियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और बरेली की आवासीय योजनाएं आधुनिक एवं आदर्श नगर विकास का उदाहरण बन सकें।