
बरेली ने सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में किया प्रदेश में टॉप
बरेली, 10 अगस्त।
जनपद बरेली ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली से पूरे प्रदेश में पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जुलाई 2025 माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग जारी की गई, जिसमें बरेली ने विकास कार्यक्रमों में प्रदेश में प्रथम स्थान, राजस्व कार्यक्रमों में चौथा स्थान तथा ओवरऑल रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है।
सीएम डैशबोर्ड, प्रदेश में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और परियोजनाओं के मासिक मूल्यांकन, अनुश्रवण और समीक्षा के लिए एकीकृत पोर्टल है। इसमें विभिन्न स्तरों के अधिकारियों द्वारा किए गए विकास कार्यों का आकलन किया जाता है और उनकी रैंकिंग प्रत्येक माह प्रकाशित होती है।
14वें से पहले स्थान तक का सफर
अप्रैल 2025 में जब जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद की कमान संभाली थी, तब बरेली की ओवरऑल रैंकिंग 14वें स्थान पर थी। मात्र तीन माह के भीतर, कुशल नेतृत्व, गहन समीक्षा और सटीक दिशा-निर्देशों के दम पर बरेली ने यह उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
टीम वर्क और नेतृत्व का परिणाम
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लक्ष्य-उन्मुख कार्ययोजना के साथ काम किया। निरंतर मॉनिटरिंग, समस्याओं का त्वरित समाधान और परिणाम-आधारित दृष्टिकोण ने कार्य प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया।
जुलाई माह में प्राप्त यह ओवरऑल प्रथम स्थान पूरे प्रशासनिक तंत्र की मेहनत और टीम भावना का प्रमाण है।
जिलाधिकारी की प्रतिक्रिया
इस सफलता पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, “यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। इसी तरह हम विकास एवं राजस्व कार्यक्रमों की प्रगति में निरंतर गति बनाए रखेंगे।”